पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन कुमार सिंह निजी पॉवर कंपनी ‘रतन इंडिया’ के सीईओ बने |

0
13

रायपुर / छत्तीसगढ़ में प्रमुख सचिव रहे अमन सिंह ने प्राइवेट कंपनी जॉइन कर ली है। वे पॉवर कंपनी रतन इंडिया के सीईओ नियुक्त हुए हैं। भारतीय राजस्व सेवा के वर्ष-95 बैच के अफसर अमन सिंह, रमन सरकार में बेहद ताकतवर रहे हैं। वे सीएम रमन सिंह के प्रमुख सचिव  रहे हैं। सरकार बदलते ही अमन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनके खिलाफ कई तरह की शिकायतें भी हुई थी। अमन कुमार सिंह ने जिस कंपनी रतन इंडिया को ज्वाइन किया है, वह इंडिया बुल्स नाम की कंपनी से अलग होकर बनी है | रतन इंडिया पॉवर लिमिटेड का हेड ऑफिस दिल्ली में है। बताया जा रहा है कि अमन सिंह हेड ऑफिस दिल्ली में ही रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक वे 6 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज पर इस कंपनी में गए हैं।  

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भूपेश सरकार को उनके खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिसके बाद राज्य शासन ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया हुआ है |  एसआईटी तमाम शिकायतों की जांच कर रही है | दिसंबर में छत्तीसगढ़ सरकार से सेवा मुक्त होने के बाद से वे किसी सेवा में नहीं थे। वे केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल, जगत प्रकाश नड्डा, धर्मेन्द्र प्रधान और राजनाथ सिंह के करीबी माने जाते हैं। यहां डॉ. रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहते हुए भी केन्द्र सरकार के संस्थानों में नियुक्ति की चर्चा होती रही।