धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का आतंक ,तेंदुपत्ता तोडऩे गई महिला को रौंदकर मार डाला । पखवाड़े भर में चार की मौत ।

0
26

उपेन्द्र डनसेना [Edited By : शशिकांत साहू]

रायगढ़ । धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हाथियों के द्वारा कभी फसल नुकसान किया जा रहा है, तो कभी ग्रामीणों पर हमला किया जा रहा है। इससे पूरा क्षेत्र हाथी के उत्पात से सहमा हुआ है। वहीं आज फिर से छाल रेंज में एक घटना घटित हुई। जिसमें एक हाथी ने तेंदुपत्ता तोडऩे गई महिला पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में फिलहाल आगे की प्रक्रिया जारी है। वहीं हाथी के इस हमले से महिला की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों में विभागीय अधिकारियों के खिलाफ काफी आक्रोश देखा जा रहा है।

इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक छाल रेंज के ग्राम चुहकिमार के करीब कुटेलीनाला के पास मृतका कंचन यादव पति अनिल यादव तेंदुपत्ता तोडऩे के लिए गई हुई थी। तभी यहां पहले से नौ हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था कि एकाएक एक हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से कंचन की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन हाथियों का झुंड यहां होने के कारण मृतका के शव तत्काल यहां से लाने में समस्या हो रही थी। मामले की जानकारी वन अमला को लगने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और आगे की प्रक्रिया शुरू की।

पखवाड़े भर में चार की मौत

ग्रामीणों ने बताया कि धरमजयगढ़ वन मंडल में लगातार हाथियों के द्वारा जनहानि की जा रही है। पिछले पखवाड़े भर की अगर बात की जाए तो चार लोगों को हाथियों ने मार दिया है। इसके अलावा कई एकड़ फसल को भी नुकसान कर दिया है। हाथियों के इस उत्पात को देखते हुए अब ग्रामीणों के बीच काफी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने पूर्व में चक्काजाम भी किया था, लेकिन अब हाथियों से बचाव के लिए विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किए जाने की बात कही जा रही है।

छाल रेंज में अधिकारियों की मनमानी

छाल रेंज हाथी प्रभावित होने के कारण काफी संवेदनशील माना जाता है। साल भर यहां के जंगल में हाथियों का विचरण होता है, लेकिन छाल रेंज के अधिकारियों के द्वारा हाथियों से बचाव के नाम पर हर साल लाखों रुपए का खर्च किया जा रहा है, पर इसका फायदा ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि छाल रेंज में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारियों के द्वारा हाथी समस्या के मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इस कारण लगातार हाथियों का उत्पात यहां जारी है।

क्या कहते हैं डीएफओ

इस संबंध में वन मंडल धरमजयगढ़ के डीएफओ प्रणय मिश्रा का कहना था कि तेंदुपत्ता तोड़ रही महिला पर हाथी ने हमला किया। इससे उसकी मौत हो गई। मौके पर नौ हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। मामले में आगे की प्रक्रिया की जा रही है। जंगल में हाथी प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों को जाने से मना किया जा रहा है।